पंजाब में कांग्रेस को एक और झटका, विपक्ष के पूर्व उपनेता राजकुमार चब्बेवाल ने थामा आप का दामन

By: Shilpa Fri, 15 Mar 2024 3:47:27

पंजाब में कांग्रेस को एक और झटका, विपक्ष के पूर्व उपनेता राजकुमार चब्बेवाल ने थामा आप का दामन

चंडीगढ़ । ऐसा महसूस हो रहा है कि पंजाब में लोकसभा चुनाव होने से पहले वहाँ के कांग्रेसी पूरी तरह पाला बदलकर उन पार्टियों के साथ हो जाएंगे जिनका उन्हें जीतने का अहसास है। गुरुवार को कांग्रेस को एक बड़ा झटका तब लगा था जब पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर से कांग्रेस को छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। परनीत कौर पंजाब के पटियाला से कांग्रेस की लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री थीं। परनीत कौर से पहले विधायक जी.पी.सिंह ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ते हुए आप का हाथ थाम लिया था।

अब कांग्रेस के एक और नेता ने कांग्रेस को छोड़कर आप का दामन थामा है। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका देते हुए पंजाब विधानसभा में विपक्ष के पूर्व उपनेता राज कुमार चब्बेवाल शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए।

उन्होंने कांग्रेस के साथ-साथ अपनी विधानसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। वह मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में आप में शामिल हुए। पूर्व विधायक जी.पी. सिंह के बाद आप में शामिल होने वाले चब्बेवाल दूसरे बड़े कांग्रेस नेता हैं। इस बात की सम्भावना व्यक्त की जा रही है कि आप उन्हें होशियारपुर से लोकसभा का चुनाव लड़ा सकती है।

पंजाब के दोअब क्षेत्र से आने वाले प्रमुख दलित नेता ने 2019 के लोकसभा चुनाव में होशियारपुर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के सोम प्रकाश से हार गए थे।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com